न्यूयॉर्क। इजरायली स्टार्टअप संस्थापक और मानव संसाधन तकनीक कंपनी जूनको की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी इलिट राज ने अमेरिकी निवेशकों से कथित धोखाधड़ी के मामले में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। 40 वर्षीय राज ने प्रतिभूति धोखाधड़ी के आरोप में दोष स्वीकारते हुए माना कि उन्होंने कंपनी के राजस्व, ग्राहकों की संख्या और उनकी पहचान समेत कई महत्वपूर्ण कारोबारी तथ्यों के बारे में निवेशकों को गलत जानकारी दी थी।
अमेरिकी अभियोजन के अनुसार, राज ने 2021 और 2022 के दौरान निवेशकों को कंपनी में करीब 2.25 अरब रुपये लगाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि जूनको के ग्राहकों में दुनिया की कई बड़ी कंपनियां शामिल थीं। इनमें एक क्रेडिट कार्ड कंपनी, खेल परिधान कंपनी, ऑनलाइन यात्रा कंपनी और लग्जरी फैशन ब्रांड का नाम लिया गया था। जांच में आरोप है कि इनमें से कई कंपनियां वास्तव में जूनको की ग्राहक थीं ही नहीं।
जूनको ने अपने कारोबार से करीब 9 करोड़ डॉलर यानी लगभग 800 करोड़ रुपये के वार्षिक राजस्व का दावा किया था और इसके लिए एप्पल, एडिडास, नाइकी, अमेरिकन एक्सप्रेस और बुकिंग डॉट कॉम जैसी बड़ी कंपनियों को ग्राहक बताया गया था। हालांकि, जांच के मुताबिक कंपनी का वास्तविक राजस्व इन दावों से काफी कम था।
जूनको एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उत्पाद विकसित करने का दावा करती थी, जिसका उद्देश्य कंपनियों को विविध पृष्ठभूमि वाले नौकरी उम्मीदवारों की पहचान और भर्ती में मदद करना था। कंपनी ने वेंचर कैपिटल निवेशकों से करीब 3 करोड़ डॉलर यानी लगभग 267 करोड़ रुपये जुटाए थे।
मामले में आरोप है कि राज ने केवल ग्राहकों और राजस्व को लेकर ही गलत जानकारी नहीं दी, बल्कि कंपनी की वित्तीय स्थिति को भी बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। 2023 में जूनको के एक निवेशक को कंपनी के आंकड़ों पर संदेह हुआ और उसने राज से बैंक खातों का विवरण मांगा। इसके जवाब में राज ने ऐसा बैंक स्टेटमेंट भेजा, जिसमें कंपनी के खाते में औसतन 50 लाख डॉलर से अधिक की राशि दिखाई गई थी।
Proposal for Conducting Cyber Crisis Drill, Tabletop Exercise (TTEx) & CCMP Readiness Exercise
जांच में यह बैंक स्टेटमेंट कथित तौर पर फर्जी पाया गया। कंपनी के वास्तविक खाते में मौजूद रकम इससे कई लाख डॉलर कम थी। इसके कुछ ही दिनों बाद राज ने उसी निवेशक को कंपनी के कथित खरीद आदेश भी भेजे। जांचकर्ताओं के अनुसार, ये दस्तावेज भी फर्जी थे और उन पर ऐसे लोगों के जाली हस्ताक्षर किए गए थे, जो वास्तव में जूनको के ग्राहक नहीं थे।
मामले में अमेरिकी अधिकारियों ने 2024 में राज के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। इसके साथ ही अमेरिकी प्रतिभूति नियामक ने भी अलग से दीवानी मुकदमा दायर किया था। जूनको अमेरिकी कंपनी थी, जबकि राज इजरायल में रहती थीं। इसी वजह से मामले की सुनवाई न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में हो रही है।
अपराध स्वीकार करने के बाद राज को अब न्यूयॉर्क की दक्षिणी जिला अदालत के न्यायाधीश एल्विन हेलरस्टीन के समक्ष सजा सुनाई जाएगी। प्रतिभूति धोखाधड़ी के इस अपराध में अधिकतम 20 साल तक की जेल का प्रावधान है। राज फिलहाल न्यूयॉर्क में हैं और माना जा रहा है कि वह समझौते के तहत अदालत की कार्यवाही में शामिल होने के लिए अमेरिका आई हैं।
अमेरिकी जांच एजेंसियों ने कहा है कि निवेशकों को कंपनी की वास्तविक स्थिति छिपाकर पैसा लगाने के लिए प्रेरित करना गंभीर वित्तीय अपराध है। मामले में अब अदालत यह तय करेगी कि राज को दोष स्वीकार करने के बाद कितनी सजा दी जाएगी।
