LIC की पॉलिसी पर मुफ्त बोनस का वादा कर ठगी करने वाला पुणे से गिरफ्तार, छह साल से था फरार

LIC की पॉलिसी पर मुफ्त बोनस का वादा कर ठगी करने वाला पुणे से गिरफ्तार, छह साल से था फरार

The420.in
3 Min Read

दिल्ली: LIC की पॉलिसी पर मुफ्त बोनस देने का वादा कर लोगों से 2.5 करोड़ की ठगी करने वाले एक गिरोह के शातिर ठग को अपराध शाखा ने शनिवार को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी था और दिल्ली पुलिस की तरफ से 25 हजार का इनाम रखा गया था। गिरोह के सात सदस्यों को अपराध शाखा पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

डीसीपी अपराध शाखा सी. मनोज के मुताबिक गिरफ्तार किए गए ठग का नाम संदीप कुमार है। वह मूलरूप से पटना, बिहार का रहने वाला है, लेकिन पिछले छह साल से वह पुणे में नाम बदलकर रह रहा था। इस गिरोह के खिलाफ 2015 में ठगी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

2015 में एलआईसी के कार्यकारी निदेशक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि कुछ ठग खुद को एलआईसी का कर्मचारी बताकर लोगों को मुफ्त क्रेडिट कार्ड व मेडिक्लेम आदि प्रदान करने का झांसा दे रहे हैं। उक्त सुविधा देने के एवज में वे पॉलिसी धारकों से अलग-अलग मद में पैसे ऐंठते हैं, उसके बाद उनसे संपर्क करना बंद कर देते हैं।

जांच के दौरान आठ ठगों की पहचान की गई जो उक्त रैकेट चला रहे थे। वे दिल्ली, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोगों को निशाना बना रहे थे। वे फर्जी आइडी पर मोबाइल सिम जारी करवाकर लोगों से बात करते थे। जांच के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग जगहों से सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। हालांकि तब संदीप पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था।

पुलिस के अनुसार, संदीप ने एमबीए करने के बाद जीवन बीमा कंपनी और अन्य निजी बैंकों में नौकरी की। इसके बाद 2013 में उसने वैल्यू एड आन सिक्योरिटीज नाम से अपनी कंपनी बनाकर लोगों को शिकार बनाना शुरू कर दिया। इसकी कंपनी के खिलाफ 2013 में निवेशकों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। उसने सहयोगियों के साथ उक्त कंपनी बनाई और कई लोगों को ठगा। कई लोगों को ठगने के बाद कंपनी बंद करके वह फरार हो गया था।

Follow The420.in on

 Telegram | Facebook | Twitter | LinkedIn | Instagram | YouTube

हमसे जुड़ें

Share This Article