कानपुर में फर्जी सैलरी स्लिप और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर SBI से ₹14 लाख का Personal Loan लेने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार किया गया है।

फर्जी सैलरी स्लिप से ₹14 लाख का SBI लोन, 9 महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

Team The420
4 Min Read

कानपुर: कल्याणपुर में फर्जी सैलरी स्लिप और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से ₹14 लाख का एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन लेने के आरोप में पुलिस ने करीब नौ महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जिस संस्थान में नौकरी करने का दावा करते हुए बैंक में वेतन पर्ची जमा की थी, जांच में वहां उसके कभी काम करने का रिकॉर्ड नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी को आईआईटी-कल्याणपुर जीटी रोड से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बैंक के अनुसार, तात्या टोपे नगर, रविदास पुरम, उद्योग नगर निवासी शिवम ने 13 जनवरी 2023 को SBI की आईआईटी शाखा से ₹14 लाख का पर्सनल लोन लिया था। लोन की मासिक किस्त ₹27,663 निर्धारित की गई थी। शुरुआत में आरोपी ने कुछ किस्तों का भुगतान किया, लेकिन बाद में उसने रकम जमा करना बंद कर दिया। 11 जून 2024 को उसका लोन खाता अनियमित हो गया। बैंक के रिकॉर्ड के मुताबिक, खाते पर अब ₹12 लाख 29 हजार 47 रुपये से अधिक की रकम बकाया है।

FCRF Launches Flagship Certified Cyber Security Auditor (CCSA) Program for Next-Generation Cyber Auditors

किस्तों का भुगतान नहीं होने पर बैंक ने लोन स्वीकृति के समय जमा कराए गए दस्तावेजों की जांच शुरू कराई। इसी दौरान आरोपी की ओर से नौकरी के प्रमाण के तौर पर जमा कराई गई सैलरी स्लिप संदेह के घेरे में आ गई। बैंक ने संबंधित पशु जैविक औषधि संस्थान से दस्तावेज का सत्यापन कराया। जांच में पता चला कि शिवम ने कभी उस संस्थान में नौकरी नहीं की थी। उसके नाम से संबंधित संस्थान की ओर से कोई सैलरी स्लिप भी जारी नहीं की गई थी।

बैंक में जमा किए थे कई दस्तावेज

लोन हासिल करने के लिए आरोपी ने बैंक में सैलरी स्लिप के अलावा अंडरटेकिंग, शपथपत्र और बैंक इकरारनामा समेत कई दस्तावेज जमा किए थे। बैंक की जांच में वेतन संबंधी दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी दस्तावेज आरोपी ने खुद तैयार किए थे या किसी अन्य व्यक्ति की मदद से तैयार कराए गए।

मामले में बैंक के ब्रांच ऑपरेशन मैनेजर ने 19 मई 2025 को कल्याणपुर थाने में शिकायत दी थी। आरोप है कि थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं होने के बाद बैंक अधिकारी ने अदालत का रुख किया। इसके बाद एसीजेएम कक्ष संख्या-2 की अदालत में प्रार्थनापत्र दिया गया। न्यायालय के आदेश पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जीटी रोड से पकड़ा गया आरोपी

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। शनिवार को सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने आईआईटी-कल्याणपुर जीटी रोड के पास घेराबंदी कर शिवम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अब लोन आवेदन के साथ लगाए गए दूसरे दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। साथ ही फर्जी सैलरी स्लिप तैयार करने, उसे प्रमाणित दिखाने या बैंक प्रक्रिया में इस्तेमाल कराने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान बैंक रिकॉर्ड, दस्तावेजों के सत्यापन और लोन खाते से जुड़े लेनदेन को भी देखा जा रहा है।

हमसे जुड़ें

Share This Article