उत्तर प्रदेश:ऑनलाइन वेबसाइट पर शादी कराने का झांसा देकर ठगने वाले अंतरराष्ट्रीय गैंग का सदस्य गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश:ऑनलाइन वेबसाइट पर शादी कराने का झांसा देकर ठगने वाले अंतरराष्ट्रीय गैंग का सदस्य गिरफ्तार

The420.in
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के कानपुर में शादी कराने की वेबसाइट के माध्यम से झांसा देकर महिलाओं से ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गैंग के शातिर को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। आरोपी बैंक खाते में रुपये आने के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों में बांटता था। उसके 10 खाते पता चले हैं। इनमें करीब 50 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने उसका एक खाता फ्रीज कराया है, जिसमें चार लाख से अधिक नकदी मिली है। बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है।

नवाबगंज निवासी महिला फॉर्मासिस्ट ने बीते छह अक्टूबर को मेट्रीमोनियल (शादी कराने के लिए विज्ञापन देने वाली) साइट के जरिए 1.25 लाख की ठगी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया था कि साइट पर उनका संपर्क डा. प्रशांतमणि की आइडी से हुआ। डॉ. प्रशांत ने खुद के न्यूयॉर्क में रहने और बड़े फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन में अधिकारी के पद पर तैनात होने की जानकारी दी। दोनों के बीच शादी की बातचीत हुई थी।

डॉ. प्रशांत ने भारत आने को कहा था। दूसरे दिन फोन आने पर उसने दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसने की बात कही। कस्टम अधिकारी बनकर एक महिला ने पीडि़ता से बात करते हुए कई बार में 1.25 लाख रुपये ठग लिए। सोमवार को डीसीपी अपराध सलमान ताज पाटिल ने बताया कि टीम ने ठिरिया मोहनपुर नकटिया, बरेली निवासी मोहम्मद साजिद को गिरफ्तार किया है। उसने साथियों की मदद से अपने आधार कार्ड में पता जयपुर राजस्थान का दर्ज कराया था।

गिरोह में महिला समेत पांच सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह में शामिल महिलाएं कस्टम अधिकारी बनकर लोगों से बात करती थीं। वहीं गिरोह के पास मिले मोबाइल फोन नंबर कई नाइजीरियन पहले इस्तेमाल कर रहे थे। इससे साफ है कि गिरोह के संपर्क में नाइजीरियन भी हैं। पकड़े गए आरोपी के पास से 36 महिलाओं का डाटा मिला है, जिनसे उसने ठगी की है। गैंग में कर्नाटक, महाराष्ट्र की भी महिलाएं शामिल हैं। आरोपी साजिद ने बताया कि वह झांसे में लेकर युवतियों को शिकार बनाता था।

Follow The420.in on

 Telegram | Facebook | Twitter | LinkedIn | Instagram | YouTube

हमसे जुड़ें

Share This Article