माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड की फर्जी वेबसाइट बनाकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का प्रयागराज साइबर क्राइम थाना ने सोमवार को राजफाश किया। गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार हुए हैं और उनके पास से 567 छात्रों के आवेदन बरामद किए गए। लैपटॉप, सात मोबाइल, एक टैब, नौ एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किए गए। इनके बैंक खाते में दो लाख से अधिक रुपये भी मिले, जिसे जब्त कर लिया गया है।
पिछले दिनों माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड की फर्जी वेबसाइट बनाकर 24 हजार 178 शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था। शिक्षकों के 17 हजार 486, स्टाफ के 38सौ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 2892 पदों पर वेबसाइट www.upsssb.org पर 11 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। तीनों श्रेणियों के लिए शैक्षिक योग्यता क्रमश: परास्नातक, स्नातक और इंटरमीडिएट रखी गई थी। नियुक्ति दो चरणों में लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के माध्यम से करने की बात कही गई थी।

मामला विभागीय अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा तो माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के उप सचिव ने कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साइबर क्राइम थाने को भी जांच के लिए लगाया गया था। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक राजीव तिवारी ने अपनी टीम के साथ सचिन कुमार उर्फ ललित उर्फ कालू निवासी नगला केवल थाना देहात कोतवाली जनपद एटा और साहिल श्रीवास्तव निवासी छतौना कला लंभुआ थाना चांदा जनपद सुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया। आइजी केपी सिंह ने बताया कि इसमें सचिन गैंग का सरगना है। उसने जो फर्जी वेबसाइट www.upsssb.org बनाई थी, इसमें ई हटा दिया था। बोर्ड की अधिकृत वेबसाइट www.upsessb.org है। उसी से मिलती-जुलती वेबसाइड बनाई और बेरोजगार युवक-युवतियों को शिकार बनाने में लग गए।
सीआरडीओ की फर्जी वेबसाइट बनाकर पहले भी दोनों आरोपित 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर चुके हैं। दोनों ने बताया कि जब उन्होंने सीआरडीओ की फर्जी वेबसाइड बनाई तो किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं हुई थी। आराम से उन्होंने लाखों का खेल कर दिया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि अपनी महिला मित्र के खाते में रुपये का पेमेंट करवाया जाता था। इसके अलावा अपने गैंग के अन्य सदस्यों का नाम भी पुलिस काे बताया है, जिनकी तलाश की जा रही है।
Follow The420.in on
Telegram | Facebook | Twitter | LinkedIn | Instagram | YouTube
