लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कृषि उत्पाद और मसाला कारोबारियों के कैश कलेक्शन एजेंटों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की लूट करने वाले गिरोह का विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश चन्द्र यादव उर्फ छोटू समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह पिछले करीब पांच महीनों से शहर के भीतर और दूसरे जिलों एवं राज्यों से नकदी लेकर आने-जाने वाले कैश कैरियरों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उनकी रेकी करने के बाद सुनियोजित तरीके से लूट की वारदातों को अंजाम दिया जाता था। जांच में अब तक कारोबारियों और उनके कैश कलेक्शन एजेंटों से जुड़ी कई बड़ी वारदातों का खुलासा हुआ है।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, लखनऊ में लगातार कैश कलेक्शन एजेंटों को निशाना बनाए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। गिरोह के सदस्य पहले व्यापारियों के नकदी ले जाने वाले कर्मचारियों की पहचान करते थे। इसके बाद उनके आने-जाने के रास्तों, समय और नकदी की संभावित मात्रा की जानकारी जुटाई जाती थी। पूरी तैयारी के बाद वारदात को अंजाम दिया जाता था। गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर हेमंत भूषण सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम गठित की गई थी।
टीम ने रविवार दोपहर करीब दो बजे गोमतीनगर स्थित सहारा पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और शुरुआती जांच में गिरोह की कार्यप्रणाली तथा कई लूट की घटनाओं में उसकी कथित संलिप्तता सामने आई।
मास्टरमाइंड समेत छह आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश चन्द्र यादव उर्फ छोटू निवासी भुजंगीपुरवा, निजामपुर मल्हौर, थाना चिनहट; सौरभ यादव निवासी हांसेमऊ, अयोध्या रोड, बीबीडी; अमन उर्फ रमन यादव निवासी ग्वारी विकास खंड-5, गोमतीनगर; सौरभ दीक्षित निवासी खरगापुर, एसटीपी रोड, गोमतीनगर; मोहित कनौजिया निवासी कांशीराम कॉलोनी, लौलाई, चिनहट और ज्ञान सिंह निवासी माधव ग्रीन सिटी, चिनहट के रूप में हुई है। ज्ञान सिंह मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी क्षेत्र के केशाबे का रहने वाला है।
एसटीएफ के अनुसार, दिनेश चन्द्र यादव गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। वह वारदात की योजना बनाने, कैश कैरियरों की जानकारी जुटाने और साथियों के साथ लूट को अंजाम देने में प्रमुख भूमिका निभाता था। गिरोह में शामिल अन्य सदस्य रेकी, वाहन की व्यवस्था, पीड़ितों को रास्ते में रोकने और नकदी से भरा बैग छीनने जैसे काम करते थे।
गोमतीनगर में स्कूटी सवारों से लूटे थे ₹45 लाख
गिरोह की सबसे बड़ी वारदातों में तीन जुलाई को गोमतीनगर के विराटखंड इलाके में हुई लूट शामिल है। गुजरात के कारोबारी पटेल मीतेश अपने साथी पटेल जैमिन के साथ स्कूटी से जा रहे थे। उनके पास बैग में 45 लाख रुपये रखे थे। आरोप है कि गिरोह को पहले से इसकी सटीक जानकारी मिल गई थी।
योजना के तहत आरोपी सौरभ बिना नंबर प्लेट की कार लेकर मौके पर पहुंचा और स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद कार से उतरे गिरोह के सरगना दिनेश यादव ने कथित तौर पर उन पर असलहा तान दिया। अन्य साथियों ने लोहे की रॉड से दोनों की पिटाई की और 45 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इस मामले में गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
विभूतिखंड में सब्जी मंडी के पास छीने थे ₹22 लाख
दूसरी वारदात दो मई को विभूतिखंड के विराजखंड इलाके में हुई थी। कृषि और मसाला उत्पादों के कारोबारी भाविक परमार तथा उनके सहयोगी परेश एस बराड नकदी लेकर जा रहे थे। उनके पास 22 लाख रुपये से भरा बैग था। आरोप है कि बदमाशों ने सब्जी मंडी के पास बिना नंबर की कार से उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
दोनों के सड़क पर गिरते ही कार सवार बदमाश बाहर निकले और उन पर पिस्टल तान दी। इसके बाद डंडों से पिटाई कर नकदी से भरा बैग छीन लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आशियाना में गुजरात के कारोबारी से ₹60 लाख की लूट
गिरोह की एक अन्य बड़ी वारदात 24 अक्टूबर को आशियाना के सेक्टर-जी इलाके में हुई थी। शाम करीब छह बजे कैश कलेक्शन एजेंट प्रग्नेश अपने साथी रावल चिंतल के साथ गुजरात के कारोबारी कमलेश के भाई की क्रेटा कार से नकदी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और कथित तौर पर 60 लाख रुपये लूट लिए।
इस वारदात ने कारोबारियों के कैश कलेक्शन नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। एसटीएफ की जांच में सामने आया कि गिरोह अलग-अलग कारोबारियों के नकदी संग्रह और परिवहन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर वारदातों को अंजाम दे रहा था।
छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब एसटीएफ गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों, लूटी गई रकम के इस्तेमाल और दूसरी वारदातों में उनकी कथित भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि गिरोह को व्यापारियों के कैश कलेक्शन की सटीक जानकारी कहां से मिलती थी और वारदातों से पहले उन्हें कौन सूचनाएं उपलब्ध कराता था।
