देवचरा विनोद गुप्ता पर ₹3.5Cr जीएसटी चोरी का आरोप; फर्जी दस्तावेजों से पंजीकृत बोगस फर्म का भंडाफोड़।

बोगस फर्म से 3.5 करोड़ की जीएसटी चोरी: विनोद ट्रेडिंग कंपनी पर मुकदमा दर्ज

Team The420
3 Min Read

देवचरा के एक व्यापारी पर बोगस फर्म बनाकर करीब 3.5 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी करने का आरोप लगा है। मामले की जांच के बाद वाणिज्यकर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने भमोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य कर खंड-1 की विशेष अनुसंधान शाखा के डिप्टी कमिश्नर ए. लल्लन मौर्य को सूचना मिली थी कि देवचरा स्थित मैसर्स विनोद ट्रेडिंग कंपनी के मालिक विनोद गुप्ता ने कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर फर्म का पंजीकरण कराया और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का अनुचित लाभ उठाकर राजस्व को क्षति पहुंचाई।

FCRF Launches Flagship Certified Fraud Investigator (CFI) Program

जांच में फर्म मिली अस्तित्वविहीन

सूचना के आधार पर 22 जनवरी 2021 को विभागीय टीम ने बताए गए पते पर पहुंचकर जांच की। मौके पर न तो कोई व्यापारिक गतिविधि पाई गई और न ही फर्म का कोई बोर्ड लगा मिला। जांच में सामने आया कि जिस गोदाम को फर्म का व्यावसायिक स्थल दर्शाया गया था, उसके मालिक के पुत्र प्रवेश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि उनके पिता ने गोदाम किराए पर नहीं दिया है। किरायानामे पर मौजूद हस्ताक्षर भी उनके पिता के नहीं पाए गए।

आसपास के लोगों ने भी बताया कि वहां किसी प्रकार का मैंथा ऑयल या अन्य व्यापार संचालित नहीं होता। विभागीय जांच में फर्म को पूरी तरह अस्तित्वविहीन पाया गया।

फर्जी खरीद दिखाकर आईटीसी क्लेम

रिपोर्ट के अनुसार, विनोद ट्रेडिंग कंपनी ने श्याम ट्रेडर्स से ई-वे बिल के माध्यम से 1 करोड़ 64 लाख रुपये की खरीद दर्शाई और लगभग 19 लाख 74 हजार रुपये की आईटीसी प्राप्त की। इसके अलावा कई अन्य फर्मों के साथ फर्जी लेनदेन दिखाकर सीजीएसटी और एसजीएसटी की आईटीसी भी क्लेम की गई।

छानबीन में यह भी सामने आया कि बिना वास्तविक माल की आपूर्ति किए विभिन्न कंपनियों को कागजी लेनदेन दिखाया गया। इस पूरी प्रक्रिया के माध्यम से कुल 3,48,27,514 रुपये के राजस्व की क्षति पहुंचाई गई।

शासनादेश के बाद सख्ती

बताया गया है कि 5 जून 2025 को राज्य कर विभाग की समीक्षा बैठक में शेल और फर्जी कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उसी क्रम में यह प्रकरण दर्ज कराया गया। इस मामले में राज्य कर अधिकारी खंड-1 शेषनाथ रावत की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने आरोपी विनोद गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है और यदि अन्य फर्मों की संलिप्तता पाई गई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

हमसे जुड़ें

Share This Article