संतकबीरनगर: जिले में वीबी-जी राम जी योजना के तहत सरकारी धन के गबन के प्रयास का मामला सामने आया है। योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों में श्रमिकों की फर्जी उपस्थिति दर्ज करने और एनएमएमएस (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) ऐप पर डुप्लीकेट तस्वीरें अपलोड करने का खुलासा हुआ है। जांच में पांच विकास खंडों की 12 ग्राम पंचायतों में 17 कार्यों से संबंधित मस्टर रोल में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने 12 ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा आठ ग्राम रोजगार सेवकों और चार महिला मेटों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस तरह कुल 24 कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी है।
मामले का खुलासा 30 अक्टूबर को ग्राम्य विकास आयुक्त की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई वीबी-जी राम जी योजना की एमआईएस रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान हुआ। अक्टूबर महीने के आंकड़ों की जांच में बघौली, मेंहदावल, नाथनगर, सांथा और सेमरियावां ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में मस्टर रोल के रखरखाव और श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने में अनियमितता सामने आई। जांच में पाया गया कि श्रमिकों की उपस्थिति प्रमाणित करने के लिए एनएमएमएस ऐप पर अपलोड की गई तस्वीरें डुप्लीकेट थीं। इसके अलावा मस्टर रोल में दर्ज उपस्थिति भी नियमों के विपरीत और संदेहास्पद पाई गई।
समीक्षा के दौरान शुरुआती स्तर पर 37 मस्टर रोल जांच के दायरे में आए थे। इनमें से 27 मस्टर रोल में प्रत्यक्ष रूप से अनियमितताएं चिह्नित की गईं। इन मस्टर रोल के जरिए 17 कार्यों में श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। पोर्टल पर गड़बड़ी सामने आने के बाद ग्राम्य विकास आयुक्त ने जिले के मुख्य विकास अधिकारी को संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उपायुक्त श्रम रोजगार डॉ. प्रभात द्विवेदी ने सभी संबंधित खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मस्टर रोल में फर्जी उपस्थिति और डुप्लीकेट तस्वीरें अपलोड की गई हैं, उन्हें तत्काल निरस्त किया जाए। ऐसे किसी भी मस्टर रोल के आधार पर श्रमिकों के नाम पर भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही गलत तरीके से उपस्थिति अपलोड करने में शामिल महिला मेटों का पोर्टल पर पंजीकरण समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
https://the420.in/fcrf-academy-12-india-focused-professional-certifications/
संबंधित ग्राम रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण लेकर उनकी संविदा समाप्त करने की विधिक प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा गया है। वहीं, संबंधित ग्राम पंचायत और ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि एनएमएमएस ऐप पर भविष्य में दोबारा इस तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित ब्लॉक के कार्यक्रम अधिकारी और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। उनकी संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
ब्लॉकवार जांच में बघौली सबसे अधिक प्रभावित मिला है। यहां छह ग्राम पंचायतों में नौ कार्यों से संबंधित 12 मस्टर रोल में गड़बड़ी पाई गई। सांथा ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों में चार कार्यों के छह मस्टर रोल संदिग्ध मिले। मेंहदावल और नाथनगर ब्लॉक की एक-एक ग्राम पंचायत में क्रमशः एक और दो मस्टर रोल में अनियमितता सामने आई। सेमरियावां ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत में दो कार्यों से संबंधित छह मस्टर रोल में गड़बड़ी चिह्नित की गई।
बघौली ब्लॉक की औरंगाबाद, बालूशासन, देवापार, हटवा, बघुआ और समदहा समेत कई ग्राम पंचायतों में सचिवों और रोजगार सेवकों की भूमिका जांच के दायरे में आई है। इसके अलावा पसाई, अतरीनानकार और अमथरी ग्राम पंचायतों से जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई प्रस्तावित है। मेंहदावल ब्लॉक की कौवाठोर, नाथनगर की टिकुईकोल और सेमरियावां की दशावा ग्राम पंचायत में भी अनियमितताएं सामने आई हैं। इन पंचायतों में संबंधित सचिवों, रोजगार सेवकों और महिला मेटों की भूमिका की जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त श्रम रोजगार डॉ. प्रभात द्विवेदी ने बताया कि योजना के तहत मस्टर रोल और फोटोग्राफ के मामले में गंभीर लापरवाही सामने आई है। पांचों ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी कर संबंधित सचिवों, रोजगार सेवकों और मेटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध कार्यों के भुगतान पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनियमितता और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
