ग्रेटर नोएडा। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-पाई-1 स्थित ऐच्छर गांव शाखा में ग्राहकों के खातों से करीब 10.24 करोड़ रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में कार्यालय सहायिका की भूमिका प्रमुख रूप से सामने आई है। आरोप है कि उसने अपने एक परिचित के साथ मिलकर करीब तीन साल तक ग्राहकों के बचत खातों और सावधि जमा (एफडी) से रकम निकालने का कथित खेल चलाया। बैंक की शिकायत पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में बैंक के कोर बैंकिंग सिस्टम की छह कर्मचारियों की यूजर आईडी और पासवर्ड के दुरुपयोग, संदिग्ध खातों के जरिए रकम स्थानांतरित करने और एफडी समय से पहले तुड़वाने जैसी गड़बड़ियां सामने आई हैं।
2021 से शाखा में तैनात थी कार्यालय सहायिका
बैंक की आंतरिक जांच के अनुसार, कार्यालय सहायिका दीपांशी 26 जुलाई 2021 से ऐच्छर शाखा में तैनात थी। आरोप है कि उसने अपने परिचित आशुतोष पाठक के साथ मिलकर ग्राहकों के खातों से रकम निकालने की साजिश रची। बैंक में कार्यालय सहायिका का पद सब-स्टाफ श्रेणी में आता है और इस पद पर कार्यरत कर्मचारी को स्वतंत्र रूप से वित्तीय लेन-देन करने का अधिकार नहीं होता। इसके बावजूद कथित तौर पर उसने वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के लॉगिन विवरण का इस्तेमाल कर बैंकिंग सिस्टम में लेन-देन किए।
छह कर्मचारियों की यूजर आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग
आंतरिक जांच में सामने आया कि संदिग्ध लेन-देन के लिए वरिष्ठ शाखा प्रबंधक, सीनियर कस्टमर सर्विस एसोसिएट, कस्टमर सर्विस एसोसिएट, आरएम स्केल-1 और ऑफिसर स्तर के कुल छह कर्मचारियों की कोर बैंकिंग सिस्टम (सीबीएस) यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि दीपांशी ने इन लॉगिन विवरणों के जरिए ग्राहकों के खातों से रकम स्थानांतरित की। हालांकि, संबंधित कर्मचारियों की इस कथित फर्जीवाड़े में कोई भूमिका थी या उनकी जानकारी के बिना आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया गया, यह जांच का विषय है। दीपांशी ने पूछताछ में दावा किया कि उसने अन्य कर्मचारियों की यूजर आईडी का इस्तेमाल उनकी जानकारी के बिना किया था।
छह खातों के जरिए आशुतोष तक पहुंचाई गई रकम
जांच में कथित लेन-देन का एक खास तरीका सामने आया है। ग्राहकों के खातों से निकाली गई रकम सीधे आशुतोष के खाते में भेजने के बजाय पहले छह अन्य लोगों के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई। इनमें प्रदीप कुमार, मेंबंती देवी, प्रियंका कुमारी, शांति देवी, शालिनी और सरोज देवी के खाते शामिल बताए गए हैं। इसके बाद इन खातों से रकम आशुतोष के खाते में भेजी गई या नकद निकाल ली गई। जांच एजेंसियों को आशंका है कि कई स्तरों पर रकम स्थानांतरित करने का उद्देश्य उसके वास्तविक स्रोत और लेन-देन की कड़ी को छिपाना था। इन सभी खातों में हुए लेन-देन और खाताधारकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एफडी में संयुक्त खाताधारक बनाकर समय से पहले निकाली रकम
बैंक की आंतरिक जांच में सावधि जमा खातों में भी कथित हेरफेर का पता चला है। आरोप है कि कई ग्राहकों की एफडी में आशुतोष और कुछ अन्य लोगों को जबरन संयुक्त खाताधारक बना दिया गया। इसके बाद एफडी से भुगतान पाने वाले खाते का विवरण बदल दिया गया और परिपक्वता अवधि पूरी होने से पहले ही जमा रकम निकाल ली गई। निकाली गई राशि को दूसरे बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया। इस तरीके से ग्राहकों की जमा पूंजी पर उनकी जानकारी और सहमति के बिना कथित रूप से हाथ साफ किया गया।
वाउचर गायब, मोबाइल अलर्ट भी किए गए बंद
आंतरिक जांच के दौरान संदिग्ध लेन-देन से जुड़े कई वाउचर बैंक के भौतिक और डिजिटल रिकॉर्ड में नहीं मिले। बैंक को आशंका है कि कथित फर्जीवाड़े के साक्ष्य मिटाने के लिए इन दस्तावेजों को नष्ट किया गया हो सकता है। इसके अलावा कुछ ग्राहकों के खातों में मोबाइल ट्रांजैक्शन अलर्ट बंद किए जाने या पंजीकृत मोबाइल नंबर बदलने की बात भी सामने आई है। इससे खाताधारकों को रकम निकलने या स्थानांतरित होने की तत्काल सूचना नहीं मिल पाई। जांच में यह भी सामने आया कि आशुतोष का बैंक खाता खुलवाने में दीपांशी की भूमिका थी। बैंक अब रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि कथित गबन की शुरुआत कैसे हुई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।
पूछताछ में कर्ज लेकर रकम लगाने का दावा
10 अक्टूबर 2026 को बैंक की आंतरिक जांच के दौरान पूछताछ में दीपांशी ने आशुतोष कुमार पाठक को अपना परिचित बताया। उसके मुताबिक, आशुतोष का उसके पिता के साथ पहले 15 से 20 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। बाद में आशुतोष ने कथित तौर पर भरोसा दिलाया कि यदि वह कुछ और रकम लगाएगी तो पिछला बकाया पैसा वापस मिल जाएगा। दीपांशी ने दावा किया कि इसी भरोसे में उसने कर्ज लेकर चार से पांच लाख रुपये और लगा दिए। उसने जांच अधिकारियों के सामने यह भी कहा कि अन्य कर्मचारियों की यूजर आईडी का इस्तेमाल उसने उनकी जानकारी के बिना किया था।
बैंक की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसी ग्राहकों के खातों, एफडी, संदिग्ध बैंक खातों, डिजिटल लॉगिन रिकॉर्ड और गायब वाउचर से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि करीब 10.24 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी में कितने ग्राहक प्रभावित हुए और रकम का अंतिम उपयोग कहां किया गया। संबंधित कर्मचारियों और अन्य खाताधारकों की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी।
