नोएडा। नौकरी और कारोबार शुरू कराने का सपना दिखाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में सोशल मीडिया पर ‘प्लेसमेंट इंडिया’ नाम से पेज बनाकर एयरपोर्ट और निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया। आरोप है कि इसके जरिए 250 से अधिक अभ्यर्थियों से 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम वसूली गई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इस मामले में असम की 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। दूसरे मामले में सेक्टर-63 स्थित राकेश मसाला प्राइवेट लिमिटेड के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी वेबसाइट बनाई गई। इसके जरिए 100 से अधिक लोगों को डीलरशिप और फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर प्रत्येक से 25,800 रुपये पंजीकरण शुल्क मांगा गया। इस मामले में अदालत के आदेश पर सेक्टर-63 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सोशल मीडिया पेज बनाकर 250 युवाओं को बनाया निशाना
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शुक्रवार को सेक्टर-142 स्थित लॉजिक्स ब्लॉसम सोसाइटी से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान असम के सोनितपुर जिले के तेजपुर निवासी ब्यूटी बोरबोरह उर्फ निशा (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसीपी साइबर के मुताबिक, महिला नोएडा में किराये के फ्लैट में रह रही थी और ‘शाइन एजुकेशन’ के नाम से कंपनी संचालित कर रही थी। इसी कंपनी की आड़ में उसने सोशल मीडिया पर ‘प्लेसमेंट इंडिया’ नाम से पेज बनाया हुआ था। इस पेज के जरिए वह बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का भरोसा देती थी।
हेल्पर और इलेक्ट्रीशियन की नौकरी का दिया झांसा
आरोपी महिला सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट और निजी कंपनियों में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को निशाना बनाती थी। हेल्पर, इलेक्ट्रीशियन और अन्य पदों पर भर्ती का विज्ञापन देखकर अभ्यर्थी पेज पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करते थे। इसके बाद महिला उन्हें भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की जानकारी देकर अलग-अलग मदों में रकम जमा कराने को कहती थी। शुरुआत में रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग शुल्क मांगा जाता था। इसके बाद ऑनलाइन ट्रेनिंग और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अतिरिक्त रकम वसूली जाती थी। इस तरह प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब 20 हजार से 40 हजार रुपये तक लिए जाते थे।
फर्जी जॉब लेटर भेजकर जीतती थी भरोसा
पुलिस जांच में सामने आया कि अभ्यर्थियों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी विभिन्न कंपनियों के नाम से फर्जी जॉब लेटर भी भेजती थी। नौकरी मिलने की उम्मीद में युवक-युवतियां उसके बताए बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर देते थे। रकम मिलने के बाद उन्हें नौकरी पर भेजने के बजाय नए बहाने बनाकर टाल दिया जाता था। न तो अभ्यर्थियों को नौकरी मिलती थी और न ही जमा की गई रकम वापस की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, इस तरीके से 250 से अधिक लोगों को निशाना बनाकर 25 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की गई। साइबर क्राइम पोर्टल पर इस संबंध में शिकायतें दर्ज हुई थीं। दो शिकायतकर्ताओं ने भी महिला के खिलाफ शिकायत दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
राकेश मसाला के नाम पर फर्जी फ्रेंचाइजी वेबसाइट
दूसरे मामले में जालसाजों ने नोएडा के सेक्टर-63 स्थित राकेश मसाला प्राइवेट लिमिटेड की पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी वेबसाइट बना ली। इसके जरिए लोगों को कंपनी की डीलरशिप और फ्रेंचाइजी देने का प्रस्ताव दिया जा रहा था। इच्छुक लोगों से आवेदन और पंजीकरण के नाम पर 25,800 रुपये जमा कराने को कहा जा रहा था। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने शिकायत में बताया कि कंपनी का कॉरपोरेट कार्यालय सेक्टर-63 के जे-4 में स्थित है। प्रबंधन को जानकारी मिली कि कुछ अज्ञात लोग कंपनी के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर इंटरनेट पर फर्जी वेबसाइट चला रहे हैं।
कंपनी ने बैंक खाते से किसी भी संबंध से किया इनकार
कंपनी के मुताबिक, वेबसाइट पर फ्रेंचाइजी के लिए आवेदन करने वालों से जिस बैंक खाते में रकम जमा कराने को कहा जा रहा था, उसका राकेश मसाला प्राइवेट लिमिटेड से कोई संबंध नहीं था। कंपनी ने स्पष्ट किया कि न तो उसने ऐसी कोई वेबसाइट बनाई है और न ही किसी को इस माध्यम से फ्रेंचाइजी देने के लिए अधिकृत किया है। कंपनी की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों से रकम मांगने की जानकारी मिलने के बाद प्रबंधन ने पुलिस से शिकायत की थी।
2023 से शिकायत, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर
कंपनी प्रतिनिधि के अनुसार, दिसंबर 2023 में पहली बार सेक्टर-63 थाने में शिकायत दी गई थी। वहां से उन्हें सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने भेज दिया गया। आरोप है कि साइबर क्राइम थाने से दोबारा सेक्टर-63 थाने में शिकायत देने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। इसके बाद वर्ष 2024 में कंपनी ने स्पीड पोस्ट के माध्यम से थाना प्रभारी और डीसीपी कार्यालय को भी शिकायत भेजी। लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होने पर कंपनी ने अदालत का रुख किया। अब शुक्रवार को अदालत के हस्तक्षेप के बाद सेक्टर-63 पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
फर्जी वेबसाइट और बैंक खाते की जांच शुरू
एसीपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फर्जी वेबसाइट तैयार करने और उसका संचालन करने वालों की पहचान की जा रही है। वेबसाइट पर दिए गए बैंक खाते की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें कितनी रकम जमा हुई और किन लोगों को इसका लाभ मिला। पुलिस वेबसाइट के तकनीकी रिकॉर्ड और बैंक लेनदेन की कड़ियां जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं, नौकरी के नाम पर ठगी के मामले में गिरफ्तार महिला से बरामद लैपटॉप और मोबाइल की जांच के जरिए अन्य पीड़ितों और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों मामलों में जांच आगे बढ़ने के साथ ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।
