डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद बाजार में भारी बिकवाली, ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा- अमेरिका इतिहास में पीछे गया; समर्थकों को पहले से अधिक मजबूत वापसी का भरोसा

ट्रंप का दावा- चुनावी हार से अमेरिकी शेयर बाजार को एक दिन में ₹282 लाख करोड़ की चपत

Roopa
By Roopa
7 Min Read


Follow us on Google News


Follow The420.in on Google News

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार को अमेरिकी शेयर बाजार में आई भारी गिरावट से जोड़ते हुए दावा किया है कि चुनाव परिणामों के बाद एक ही दिन में बाजार को करीब 3 ट्रिलियन डॉलर यानी लगभग ₹282 लाख करोड़ का नुकसान हुआ। उन्होंने इसे अमेरिका के इतिहास में पीछे जाने वाला कदम बताया और कहा कि उनके नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा शेयर बाजार चुनावी नतीजों के बाद अचानक गिर गया। हालांकि, बाजार विशेषज्ञों ने इस गिरावट के पीछे एआई क्षेत्र में निवेश को लेकर चिंताओं और डेटा सेंटर परियोजनाओं पर संभावित नियामकीय सख्ती जैसे दूसरे कारणों की ओर भी इशारा किया है।

ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर चुनाव परिणामों पर नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा कि पिछले चुनाव के नतीजों के साथ अमेरिका ने इतिहास में एक बड़ा कदम पीछे लिया है। उनके मुताबिक, उनके राष्ट्रपति कार्यकाल में रॉकेट की तरह आगे बढ़ रहे शेयर बाजार को एक ही दिन में 3 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ। हालांकि, उन्होंने समर्थकों को घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी पहले से भी अधिक बड़ी और मजबूत वापसी करेगी।

इससे पहले शुक्रवार को फ्लोरिडा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भी ट्रंप ने बाजार में आई गिरावट के लिए डेमोक्रेट्स के चुनावी प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि जैसे ही निवेशकों को पता चला कि डेमोक्रेटिक पार्टी ने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है, बाजार से करीब 3 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति घट गई। हालांकि, इसी दौरान उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिकी प्रशासन के रुख का भी उल्लेख किया था।

पहले तेजी, फिर बाजार में भारी गिरावट

मध्यावधि चुनाव के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में शुरुआत में सकारात्मक रुझान देखने को मिला था। बुधवार को डेमोक्रेट्स की जीत के बाद डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1,569 अंक यानी करीब 3 प्रतिशत चढ़ा। यह 44 वर्षों में मध्यावधि चुनाव के बाद इसका सबसे मजबूत प्रदर्शन बताया गया। एसएंडपी 500 में भी 1.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। निवेशकों को उम्मीद थी कि व्हाइट हाउस और कांग्रेस में अलग-अलग दलों के नियंत्रण से नीतिगत फैसलों में संतुलन और स्थिरता आ सकती है।

हालांकि, गुरुवार को बाजार की दिशा अचानक बदल गई। अमेरिकी शेयरों में व्यापक बिकवाली के कारण बाजार पूंजीकरण में करीब 3 ट्रिलियन डॉलर की कमी आई। नैस्डैक में 5.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि एसएंडपी 500 करीब 3.8 प्रतिशत और डाउ जोन्स लगभग 2.9 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। इस गिरावट ने एक दिन पहले की तेजी को काफी हद तक मिटा दिया।

FCRF Academy Launches 12 Professional India-Focused Certifications in Cybersecurity, Fraud, AI & Compliance

एआई और डेटा सेंटर कंपनियों पर सबसे ज्यादा दबाव

बिकवाली का सबसे अधिक असर तकनीकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी कंपनियों पर पड़ा। फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर इंडेक्स कारोबार के दौरान करीब 10 प्रतिशत तक गिर गया। एएमडी और माइक्रोन के शेयरों में लगभग 15 प्रतिशत तक की गिरावट आई, जबकि एनवीडिया के शेयर भी करीब 9 प्रतिशत टूटे।

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, निवेशकों की चिंता का एक प्रमुख कारण यह आशंका है कि चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद डेटा सेंटर परियोजनाओं पर सख्त नियम लागू किए जा सकते हैं। कई डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार के दौरान नए डेटा सेंटर के निर्माण पर रोक या अस्थायी प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। इन परियोजनाओं में भारी बिजली खपत, स्थानीय बिजली ग्रिड पर दबाव और बुनियादी ढांचे पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

टेक्सास में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जीना हिनोजोसा ने रिपब्लिकन गवर्नर ग्रेग एबॉट को हराया। उन्होंने नए डेटा सेंटर निर्माण पर तत्काल रोक लगाने का समर्थन किया था। ओहायो और जॉर्जिया में भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने डेटा सेंटर परियोजनाओं पर नियंत्रण को अपने चुनावी एजेंडे में शामिल किया था। निवेशकों को आशंका है कि ऐसी नीतियों से मंजूरी प्रक्रिया में देरी हो सकती है और एआई क्षेत्र में बड़े निवेश की रफ्तार प्रभावित हो सकती है।

कांग्रेस में डेमोक्रेट्स का बढ़ा प्रभाव

मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट में बहुमत हासिल कर रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका दिया है। इससे ट्रंप प्रशासन के लिए अगले दो वर्षों में अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। डेमोक्रेट्स को सरकारी खर्च की जांच करने, प्रशासन की नीतियों पर सवाल उठाने और विभिन्न मामलों में संसदीय जांच शुरू करने का अवसर मिलेगा।

हालांकि, राष्ट्रपति के पास किसी विधेयक को वीटो करने का अधिकार बना रहेगा। कांग्रेस के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत मिलने पर ही राष्ट्रपति के वीटो को निष्प्रभावी किया जा सकता है। ट्रंप ने चुनावी नतीजों के बाद ट्रुथ सोशल पर वीटो शब्द लिखी लाल टोपी की तस्वीर भी साझा की थी। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति के पास वीटो की शक्ति सबसे प्रभावशाली अधिकारों में से एक है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अगले दो साल केवल विधेयकों को वीटो करते हुए नहीं बिताना चाहते।

इस चुनावी नतीजे ने अमेरिकी राजनीति के साथ वित्तीय बाजारों में भी अनिश्चितता बढ़ाई है। ट्रंप ने बाजार की गिरावट को डेमोक्रेट्स की जीत से जोड़ा है, जबकि विश्लेषकों के अनुसार एआई निवेश, डेटा सेंटर विस्तार और तकनीकी कंपनियों के मूल्यांकन को लेकर चिंताएं भी बिकवाली के पीछे महत्वपूर्ण कारक रही हैं।

Share This Article