विदेशी कॉल सेंटर से करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा, मेरठ में 13 घंटे चली छापेमारी में कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खंगाले गए

“टेलीग्राम-व्हाट्सएप से चल रहा था साइबर ठगी नेटवर्क, कंबोडिया कनेक्शन पर ईडी का बड़ा एक्शन”

Roopa
By Roopa
4 Min Read

मेरठ जिले में कंबोडिया स्थित कथित चीनी कॉल सेंटर से जुड़े साइबर ठगी नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को ईडी की दो अलग-अलग टीमों ने मवाना कस्बे और इंचौली थाना क्षेत्र के सांधन गांव में एक साथ छापेमारी कर करीब 13 घंटे तक गहन जांच की। इस दौरान कई डिजिटल डिवाइस, बैंकिंग रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की गई।

सूत्रों के अनुसार, यह मामला दिल्ली के पटियाला हाउस स्थित साइबर सेल में दर्ज एक एफआईआर से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि कंबोडिया में संचालित कॉल सेंटर के जरिए भारतीय नागरिकों को टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संपर्क कर निवेश योजनाओं में भारी मुनाफे का झांसा दिया जाता था। इसी नेटवर्क के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी की गई।

ईडी की टीमें बुधवार तड़के करीब 5 से 6 बजे के बीच छह गाड़ियों के काफिले के साथ दोनों ठिकानों पर पहुंचीं। सुरक्षा के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद रहे। जांच के दौरान घरों को अंदर से बंद कर विस्तृत तलाशी ली गई और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले गए।

मवाना कस्बे के मोहल्ला खैरात अली में ईडी ने मोहम्मद राजा उर्फ अलेख राजा के घर पर छापेमारी की। जांच में सामने आया कि वह कंबोडिया स्थित कॉल सेंटर नेटवर्क से जुड़ा रहा है। उसके पिता कपड़े की छोटी दुकान चलाते हैं और परिवार में वह सबसे बड़ा बेटा है। बताया गया कि मोहम्मद राजा पहले दुबई में नौकरी कर चुका है और उस पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी के आरोप भी लग चुके हैं। वह दिल्ली में जेल भी जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर है।

FutureCrime Summit 2026: Registrations to Open Soon for India’s Biggest Cybercrime Conference

सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क का तरीका बेहद संगठित था। युवाओं को विदेश भेजने और उच्च वेतन वाली नौकरी का लालच देकर कंबोडिया और अन्य देशों में ले जाया जाता था, जहां उन्हें फर्जी कॉल सेंटरों में काम करने के लिए मजबूर किया जाता था। जांच एजेंसियां अब बैंक खातों में आए संदिग्ध लेनदेन और विदेशी ट्रांजैक्शन की पड़ताल कर रही हैं।

दूसरी ओर, इंचौली थाना क्षेत्र के सांधन गांव में ईडी की टीम ने शरणवीर चौधरी के घर पर कार्रवाई की। इस दौरान उनके पुत्र शुभम (26) को दिल्ली से बुलाकर पूछताछ की गई। शुभम बीए स्नातक है और पहले एक मेडिकल स्टोर चलाता था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह सक्रिय नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि वह कंबोडिया और थाईलैंड की यात्रा कर चुका है।

परिवार द्वारा ग्रामीणों को बताया जाता था कि शुभम विदेश में रहता है, लेकिन ईडी की छापेमारी के बाद यह स्थिति स्पष्ट हुई। पूछताछ के दौरान उससे नेटवर्क और विदेश यात्रा से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से सवाल किए गए।

करीब 13 घंटे चली इस कार्रवाई के बाद ईडी की टीम कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य अपने साथ लेकर वापस लौटी। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच अभी शुरुआती चरण में है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क के और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन क्षेत्र में ईडी की इस बड़ी छापेमारी से हड़कंप मचा रहा।

हमसे जुड़ें

Share This Article