जींद, दुबई और अंबाला से जुड़े आरोपियों पर धोखाधड़ी का आरोप; दिल्ली पहुंचने के बाद सभी संपर्क नंबर बंद, रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

ऑस्ट्रेलिया का वीजा दिलाने के नाम पर ₹21 लाख की ठगी, फर्जी रसीद देकर परिवार को दिल्ली भेजा

Roopa
By Roopa
4 Min Read

अंबाला। ऑस्ट्रेलिया का वीजा दिलाने के नाम पर कुरुक्षेत्र के अमर कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय अमरेंद्र सिंह से ₹21 लाख की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि विदेश भेजने का भरोसा देकर आरोपियों ने युवक से नकद रकम ली, उसे फर्जी रसीद दी और परिवार सहित दिल्ली पहुंचने को कहा। पीड़ित जब दिल्ली पहुंचा तो कथित तौर पर आरोपी संपर्क से बाहर हो गए। बाद में रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

अमरेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक, अंबाला को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाकर काम करना चाहता था। इसी दौरान उसके करीब पांच साल पुराने दोस्त जसकिरत सिंह उर्फ किरत, निवासी जींद, ने उसे बताया कि उसका परिचित कार्तिक दुबई में रहता है और ऑस्ट्रेलिया का ट्रांसफर वीजा लगवाने का काम करता है। इसके बाद किरत ने अमरेंद्र की फोन पर कार्तिक से बातचीत कराई। ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए कथित तौर पर ₹21 लाख में सौदा तय हुआ।

शिकायत के अनुसार, इसके बाद किरत अमरेंद्र को जींद की नई अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर 25 पर ले गया। वहां उसकी मुलाकात आढ़ती रामनिवास से कराई गई। आरोप है कि अमरेंद्र को भरोसा दिलाया गया कि रामनिवास के पास रकम जमा कराने के बाद रविवार तक उसका वीजा आ जाएगा। तय समय तक वीजा नहीं आया तो कथित तौर पर आरोपियों ने वीजा प्रक्रिया के नाम पर उसे और रकम की व्यवस्था करने के लिए दबाव दिया।

पीड़ित के मुताबिक, 28 जुलाई की तड़के करीब 1:35 बजे वह अपने दोस्त के साथ अंबाला सिटी स्थित पुलिस लाइन मार्केट में कृष्णा मंदिर के सामने पहुंचा। वहां मौजूद रामनिवास को उसने नकद ₹21 लाख सौंप दिए। आरोप है कि रामनिवास ने लेटर पैड पर ₹21 लाख प्राप्त करने की रसीद दी और एक संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए अमरेंद्र को परिवार सहित दिल्ली पहुंचने के लिए कहा। उसे बताया गया कि दिल्ली में टिकट और वीजा उपलब्ध करा दिया जाएगा।

Proposal for Conducting Cyber Crisis Drill, Tabletop Exercise (TTEx) & CCMP Readiness Exercise

इसके बाद अमरेंद्र अपने परिवार के साथ दिल्ली पहुंचा। शिकायत के अनुसार, वहां दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर व्यक्ति बोर्डिंग पास सहित अन्य बहानों से उन्हें इंतजार कराता रहा। रात करीब 8 बजे तक कोई व्यक्ति वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद अमरेंद्र ने दुबई में मौजूद बताए गए कार्तिक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित को कथित ठगी का पता चला और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच अंबाला की आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई। प्रारंभिक जांच में जसकिरत सिंह उर्फ किरत, कार्तिक और रामनिवास की भूमिका सामने आने की बात कही गई है। जांच में इन तीनों पर मिलकर अमरेंद्र से ₹21 लाख की कथित ठगी करने का आरोप है। वहीं शिकायत में नामजद बलबीर सिंह और राजेश कुमार के खिलाफ रकम के लेन-देन या अपराध में संलिप्तता का कोई साक्ष्य नहीं मिलने की बात जांच में सामने आई।

बलदेव नगर थाने के जांच अधिकारी के अनुसार, जसकिरत सिंह, कार्तिक और रामनिवास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अब रकम के लेन-देन, फर्जी रसीद, आरोपियों के बीच संपर्क और ऑस्ट्रेलिया वीजा दिलाने के नाम पर की गई कथित पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है।

हमसे जुड़ें

Share This Article