वाराणसी में नकली दवाओं का भंडारण कर पूर्वांचल से लेकर बिहार और झारखंड तक सप्लाई करने वाले अंतरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और लखनऊ एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरोह के मुख्य सप्लायर अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया है। उसे कंदवा के कर्दमेश्वर नगर स्थित आवास से बुधवार देर रात पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में संचालित एक फैक्ट्री में करीब 50 तरह की नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं। अभिषेक इन्हें वाराणसी मंगवाकर गोदामों में रखता था और फिर पूर्वांचल, बिहार तथा झारखंड के बाजारों में सप्लाई करवाता था। गिरोह के सदस्य आपस में संपर्क के लिए प्रतिबंधित जांगी ऐप का इस्तेमाल करते थे।
इस नेटवर्क का खुलासा रोहनिया थाना क्षेत्र के परमानंदपुर में हुई छापेमारी के बाद हुआ। यहां गिरोह के एक सदस्य के ठिकाने पर कार्रवाई के दौरान करीब सात लाख रुपये मूल्य की 17 तरह की नकली दवाएं बरामद की गई थीं। बरामद दवाओं की जांच और पूछताछ में मुख्य सप्लायर के रूप में अभिषेक सिंह का नाम सामने आया। इसके बाद एसटीएफ और औषधि प्रशासन की टीम ने उसकी तलाश शुरू की और बुधवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से नकली दवाओं के कारोबार तक पहुंचा
एसटीएफ के मुताबिक, मूल रूप से बिहार के भभुआ का रहने वाला अभिषेक सिंह पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम करता था। करीब चार साल पहले उसने सोनभद्र के अनपरा क्षेत्र की न्यू बस्ती परासी में मकान बनवाया था और वहीं के पते पर आधार कार्ड भी बनवा लिया था। इसके अलावा उसने वाराणसी में भी मकान बनवाया था। इस तरह उसने अलग-अलग स्थानों पर अपना ठिकाना तैयार कर लिया था।
FCRF Launches Certified Chief Risk Officer (CRO) Program for India’s Risk Leaders
पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि नकली दवाओं की खेप हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के राजपुरा स्थित खेड़ा बाइपास पर संचालित फैक्ट्री से आती थी। सहारनपुर के एक दलाल के माध्यम से उसका फैक्ट्री संचालकों से संपर्क हुआ था। इसके बाद उसने वहां से दवाएं मंगाकर वाराणसी में भंडारण और वितरण का नेटवर्क तैयार किया।
सोलन की फैक्ट्री में मिलीं दवा बनाने की मशीनें
अभिषेक से मिली जानकारी के आधार पर एक टीम हिमाचल प्रदेश के सोलन पहुंची। वहां नालागढ़ क्षेत्र की संबंधित फैक्ट्री में बड़ी संख्या में दवा निर्माण और पैकेजिंग से जुड़ी मशीनें मिलीं। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने और वजन मापने वाली मशीनें शामिल हैं। इसके अलावा प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग के उपकरण भी बरामद किए गए।
इन मशीनों की मौजूदगी से फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर दवाओं के निर्माण और पैकेजिंग की गतिविधियों का पता चला है। वाराणसी से पहुंची टीम फैक्ट्री को सीज कराने की कार्रवाई के लिए वहां पहुंची है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फैक्ट्री में किन-किन दवाओं का निर्माण किया जा रहा था और उनकी सप्लाई किन राज्यों में की गई।
2023 में भी गिरफ्तार हुआ था अभिषेक
अभिषेक सिंह का नाम नकली दवाओं के कारोबार में पहले भी सामने आ चुका है। मई 2023 में वाराणसी एसटीएफ ने सिगरा क्षेत्र में कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें अभिषेक सिंह भी शामिल था। उस समय वह महेशपुर में नकली दवाओं का भंडारण कर उनकी सप्लाई करता था। तब दवाओं की खेप ओडिशा से मंगाई जाती थी।
जेल से छूटने के बाद उसने फिर से इस कारोबार में सक्रियता बढ़ाई। इस बार उसने सहारनपुर के एक दलाल के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित फैक्ट्री से संपर्क किया और वहां से नकली दवाएं मंगवाने लगा। जांच में सामने आया है कि उसने पुराने नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए वाराणसी और आसपास के जिलों में वितरण व्यवस्था को दोबारा खड़ा किया था।
दवा की सैंपलिंग से खुला नेटवर्क
इस मामले की जांच की शुरुआत औषधि प्रशासन की ओर से की गई दवाओं की सैंपलिंग से हुई। बीते दो नवंबर को टीम ने जंसा क्षेत्र में अशोक वर्मा की दुकान से दवाओं के नमूने लिए थे। जांच में दवाएं नकली पाई गईं। पूछताछ में अशोक वर्मा ने बताया कि उसे सुनील पटेल दवाओं की सप्लाई करता था।
इसके बाद जांच टीम सुनील पटेल तक पहुंची। सुनील से मिली जानकारी के आधार पर भदोही के जगतपुर (करियाव) निवासी सुरेंद्रनाथ मिश्र का नाम सामने आया। सुरेंद्रनाथ के माध्यम से जांच का दायरा बढ़ा तो मुख्य सप्लायर अभिषेक सिंह की भूमिका उजागर हुई। इसके बाद संयुक्त टीम ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की।
चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नकली दवाओं की सप्लाई और बिक्री के मामले में रोहनिया थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें मुख्य सप्लायर अभिषेक सिंह, भदोही के जगतपुर (करियाव) निवासी सुरेंद्रनाथ मिश्र, लोहता के कोरौता निवासी सुनील पटेल और जंसा के चकरा खेवली निवासी अशोक वर्मा शामिल हैं।
जांच में पता चला है कि सुरेंद्रनाथ मिश्र ने रोहनिया के परमानंदपुर पानी की टंकी के पास भी मकान बनवाया था। इसी इलाके में उसके गोदाम का इस्तेमाल नकली दवाओं के भंडारण के लिए किया जाता था। अभिषेक सिंह यहां दवाओं की खेप रखवाता था और फिर गिरोह के अन्य सदस्यों के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करवाता था।
17 तरह की नकली दवाएं बरामद
परमानंदपुर में हुई छापेमारी के दौरान बरामद दवाओं में पैन डी कैप्सूल, प्रेसिज-300, प्रेगाबलीन, सी-एजेड, सेफिक्सिम और एजीथ्रोमाइसिन आधारित एंटीबायोटिक, ए-क्लपैक्स-625, न्यूरो-300, जीरोडोल एसपी, मॉन्टिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवम-625 और शेलकॉल-500 समेत कई दवाएं शामिल हैं।
इनमें पेट संबंधी समस्याओं, एसिडिटी, तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों और संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं। जांच एजेंसियां अब बरामद दवाओं के निर्माण स्थल, वास्तविक निर्माता, पैकेजिंग और बाजार में उनकी आपूर्ति की कड़ियां जोड़ रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितनी नकली दवाएं बाजार में पहुंचाई गईं और किन-किन राज्यों में उनकी बिक्री हुई।
