उत्तर प्रदेश सरकार ने 38 IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं। पांच जिलों में नए डीएम और लखनऊ, मेरठ, नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरणों में बदलाव हुए।

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 5 जिलों के डीएम समेत 38 IAS अधिकारियों के तबादले

Team The 420
8 Min Read


Follow us on Google News


Follow The420.in on Google News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शुक्रवार देर रात जारी तबादला आदेश में पांच जिलों के जिलाधिकारियों समेत कुल 38 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं। इस प्रशासनिक बदलाव में सीतापुर, बिजनौर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा लखनऊ और मेरठ विकास प्राधिकरण, नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नगर निगमों तथा विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

निर्वाचन आयोग ने 27 अक्टूबर को निर्देश जारी कर कहा था कि 31 मई 2027 तक किसी जिले में तीन वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने वाले अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाए। यह निर्देश नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों में तैनात अधिकारियों पर भी लागू किया गया था। आयोग ने पिछले विधानसभा चुनाव या उपचुनाव के दौरान संबंधित विधानसभा क्षेत्र अथवा जिले में तैनात रहे अधिकारियों को दोबारा उसी स्थान पर जिम्मेदारी नहीं देने के निर्देश भी दिए थे। इस संबंध में मुख्य सचिव से 30 नवंबर तक अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई थी।

पांच जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती

तबादला सूची में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव पांच जिलों के डीएम पदों पर हुआ है। सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर को हटाकर निदेशक, सूडा बनाया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव और उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है।

बिजनौर में विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति के पद पर तैनात जोगिन्दर सिंह को जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। मौजूदा जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

FCRF Returns With Premier GRC Certification to Prepare the Next Generation of Risk and Compliance Leaders

महराजगंज और सिद्धार्थनगर में जिलाधिकारियों की अदला-बदली की गई है। महराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर भेजा गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को महराजगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

मुजफ्फरनगर में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। यहां के मौजूदा डीएम उमेश मिश्रा को विशेष सचिव, नगर विकास बनाया गया है।

लखनऊ और मेरठ विकास प्राधिकरण में बदलाव

लखनऊ विकास प्राधिकरण में अनुज सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें संभागीय खाद्य नियंत्रक, मेरठ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। यमुना प्राधिकरण में तैनात राजेश कुमार को अयोध्या का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। अयोध्या के सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह को यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी रहे डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं, महेंद्र बहादुर सिंह से सूडा के निदेशक और जल निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।

गाजियाबाद और वाराणसी नगर निगम में नई तैनाती

नगर निगमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद नगर निगम में अपर नगर आयुक्त मंजूलता को बनाया गया है। उनके स्थान पर पहले से तैनात अधिकारी अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में नई जिम्मेदारियां

नोएडा प्राधिकरण में भी अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। यहां अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। बरेली मंडल की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर नूपुर गोयल और प्रवीण वर्मा को नई जिम्मेदारी दी गई है। नूपुर गोयल इससे पहले मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी थीं, जबकि प्रवीण वर्मा बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात थे। ग्रेटर नोएडा में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के पद पर तैनात सौम्य श्रीवास्तव से यह प्रभार वापस ले लिया गया है।

कई जिलों के सीडीओ और मंडलीय अधिकारियों के तबादले

फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों की भी नई तैनाती की गई है। हापुड़ में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार को मेरठ का सीडीओ बनाया गया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में उपसचिव पूनम निगम को फतेहपुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

श्रावस्ती के सीडीओ शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का अपर निदेशक बनाया गया है। अलीगढ़ में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात शिशिर कुमार सिंह को श्रावस्ती का सीडीओ नियुक्त किया गया है।

यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का सीडीओ और संभागीय खाद्य नियंत्रक बनाया गया है। अलीगढ़ के सीडीओ योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद भेजा गया है। फिरोजाबाद के सीडीओ शत्रोहन वैश्य को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

फतेहपुर के सीडीओ पवन कुमार मीना को विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति बनाया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस को विशेष सचिव, महिला कल्याण नियुक्त किया गया है।

मंडलीय स्तर पर मनोज कुमार-1 को बरेली मंडल से वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त और आगरा मंडल की अपर आयुक्त प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

राजस्व और अन्य विभागों में भी बदलाव

डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के अपर निदेशक सुनील कुमार चौधरी को राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त बनाया गया है। विशेष सचिव, समन्वय और अपर परियोजना निदेशक यूपीडीएएसपी के पद पर तैनात प्रत्यूष पांडे को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार और विभागीय जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल में जिलों के प्रशासन से लेकर विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और शासन के महत्वपूर्ण विभागों तक अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

Share This Article