UP में 2026-27 academic session के लिए 50 से अधिक नए nursing-paramedical colleges की recognition और करीब 30 institutions की seat increase applications लंबित हैं।

रोहतास से साइबर ठगी गिरोह की महिला सदस्य गिरफ्तार, 7 मोबाइल, 23 एटीएम कार्ड और 12 पासबुक बरामद

Roopa
By Roopa
6 Min Read


Follow us on Google News


Follow The420.in on Google News

पटना। बिहार में साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई और पटना साइबर थाने की पुलिस ने बिजली बिल अपडेट करने और लोन दिलाने का झांसा देकर देशभर में लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में रोहतास जिले से गिरोह की सक्रिय महिला सदस्य अंशु कुमारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह साइबर ठगों के लिए फर्जी बैंक खाते खुलवाने, एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक उपलब्ध कराने का काम करती थी। पुलिस ने उसके पास से सात मोबाइल फोन, 23 एटीएम कार्ड, 12 बैंक पासबुक और ₹76 हजार नकद बरामद किए हैं।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अब तक देशभर के लोगों से ₹1.20 करोड़ से अधिक की साइबर ठगी कर चुका है। गिरोह के सदस्यों के खिलाफ साइबर अपराध से जुड़े करीब 50 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

बबलू कुमार की निशानदेही पर हुई गिरफ्तारी

अंशु कुमारी की गिरफ्तारी पूर्व में पकड़े गए साइबर ठग बबलू कुमार से पूछताछ के आधार पर हुई। पटना साइबर पुलिस और साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की संयुक्त टीम ने कुछ दिन पहले रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी से बबलू कुमार को गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से शेखपुरा जिले के सलैया गांव का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान उसने गिरोह में अंशु कुमारी की भूमिका और फर्जी बैंक खातों के नेटवर्क के बारे में जानकारी दी थी।

इसके बाद पुलिस ने रोहतास में छापेमारी कर अंशु कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज मिले। पुलिस इन खातों और कार्डों की जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि इनके जरिए कितनी रकम का लेनदेन किया गया और ठगी की राशि किन-किन बैंक खातों में पहुंचाई गई।

ट्रेडिंग में छह लाख का कर्ज, फिर साइबर ठगी के रास्ते पर चला बबलू

पुलिस पूछताछ में बबलू कुमार की पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। वह भौतिकी विषय में स्नातक है और गांव में रहकर ऑनलाइन ट्रेडिंग करता था। इसी दौरान उसे करीब ₹6 लाख का कर्ज हो गया। कर्ज चुकाने के दबाव में वह राजस्थान चला गया, जहां कथित तौर पर उसने साइबर ठगी के तौर-तरीके सीखे।

राजस्थान में उसके खिलाफ साइबर ठगी का मामला दर्ज होने के बाद वह वहां से पटना आ गया। यहां उसने रामकृष्ण नगर इलाके में किराये पर कमरा लेकर रहना शुरू कर दिया। पुलिस को जब उसके पटना में छिपे होने की सूचना मिली तो टीम ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बबलू ने फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क के बारे में खुलासा किया, जिसके बाद अंशु कुमारी तक पुलिस पहुंची।

https://the420.in/fcrf-academy-12-india-focused-professional-certifications/

सरकारी योजनाओं का झांसा देकर खुलवाती थी बैंक खाते

जांच के अनुसार, अंशु कुमारी सीधे-सादे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल करती थी। बाद में इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन खातों की पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड वह बबलू कुमार को सौंप देती थी।

पुलिस के मुताबिक, इस काम के बदले अंशु को प्रति बैंक खाता ₹10 हजार कमीशन मिलता था। इस तरह तैयार किए गए खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को प्राप्त करने और निकालने के लिए किया जाता था। बबलू पटना के अलग-अलग इलाकों में स्थित एटीएम बूथों पर जाकर इन खातों से ठगी की रकम निकालता था।

बिजली बिल और लोन के नाम पर देशभर में फैला था नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य बिजली बिल अपडेट कराने और लोन दिलाने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उनसे संपर्क कर ऑनलाइन ठगी की जाती थी। जांच में सामने आए ₹1.20 करोड़ से अधिक के कथित ठगी नेटवर्क और करीब 50 मामलों को देखते हुए पुलिस अब इसके वित्तीय लेनदेन, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

बरामद सात मोबाइल फोन की जांच से गिरोह के अन्य सदस्यों, पीड़ितों और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अंशु कुमारी ने अब तक कितने लोगों के दस्तावेज लेकर उनके नाम पर खाते खुलवाए थे और इन खातों का इस्तेमाल किन-किन राज्यों में साइबर ठगी की रकम निकालने के लिए किया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

Share This Article