वॉशिंगटन/सैन फ्रांसिस्को। दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia ने अपने पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसन हुआंग की वापसी की संभावनाओं पर विराम लगा दिया है। कंपनी के बोर्ड अध्यक्ष हार्वे जोन्स ने स्पष्ट किया है कि हुआंग ने स्वेच्छा से पद छोड़ा था और बोर्ड उन्हें दोबारा CEO नियुक्त करने का इरादा नहीं रखता। दूसरी ओर, हुआंग ने कहा है कि यदि बोर्ड उन्हें वापस बुलाने का फैसला करता है तो उन्हें इस जिम्मेदारी को दोबारा संभालने में सम्मान महसूस होगा। इस घटनाक्रम के बीच कंपनी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण की निगरानी के लिए एक विशेष समिति गठित की है। वहीं, अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) की ओर से कंपनी की जांच किए जाने की खबर ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी के कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों के एक वर्ग ने उन्हें वापस लाने के लिए अभियान शुरू किया था। इस मुहिम को ‘स्टैंड विद जेंसन’ नाम दिया गया। इसे कुछ तकनीकी उद्योगपतियों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी समर्थन मिला। लेकिन Nvidia के नेतृत्व ने इस अभियान के बावजूद CEO की नियुक्ति को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
FCRF Launches Certified Chief Risk Officer (CRO) Program for India’s Risk Leaders
हुआंग ने मंगलवार को अपने पहले सार्वजनिक बयान में कहा कि पद छोड़ने के बाद उन्हें कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों की ओर से वापसी के लिए लगातार संदेश मिले हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके व्यक्तिगत व्यवहार से बोर्ड के सामने समस्याएं पैदा हुईं, जिसका उन्हें गहरा अफसोस है। उन्होंने यह भी कहा कि वह बोर्ड की स्वतंत्र जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष हार्वे जोन्स के मुताबिक, हुआंग ने कंपनी के आचार संहिता, मानकों और कार्यसंस्कृति के अनुरूप नहीं रहने वाले व्यक्तिगत व्यवहार से जुड़े खुलासों के बाद इस्तीफा दिया था। बोर्ड ने सर्वसम्मति से उनका इस्तीफा स्वीकार किया और उन्हें दोबारा CEO नियुक्त नहीं करने का फैसला किया है। कंपनी ने हालांकि उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
व्यक्तिगत संबंधों को लेकर जांच के दायरे में मामला
हुआंग के इस्तीफे के बाद उनके निजी संबंधों को लेकर कई खुलासे सामने आए हैं। इनमें चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ उनके कथित संबंध भी शामिल हैं। मामले से परिचित दो लोगों के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि एलिस हुआंग के चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय से कितने गहरे संबंध हैं और क्या उन्होंने बीजिंग को कोई संवेदनशील जानकारी दी थी।
एलिस हुआंग सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी Megaspeed की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी और नियंत्रक हिस्सेदार रही हैं। यह कंपनी प्रतिबंधित Nvidia चिप की चीन में संभावित अवैध आपूर्ति और निर्यात नियंत्रण के उल्लंघन के आरोपों को लेकर जांच के दायरे में है। कंपनी ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है।
इस मामले का असर अमेरिकी राजनीति और चीन को लेकर नीति निर्धारण पर भी पड़ा है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कुछ सांसद और प्रशासन के अधिकारी चीन के प्रति अधिक सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इनमें उन्नत AI चिप के निर्यात पर और कड़े नियंत्रण लगाने की मांग भी शामिल है। हुआंग अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी माने जाते रहे हैं और उन्होंने चीन को अधिक चिप निर्यात करने की पैरवी की थी। अमेरिकी सांसद अब उनके निजी संबंधों और वॉशिंगटन में उनकी गतिविधियों को लेकर उनसे सवाल पूछने की तैयारी कर रहे हैं।
SEC की जांच की खबर से बढ़ी चिंता
इस बीच अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) द्वारा Nvidia की जांच किए जाने की खबर भी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच का दायरा अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन इसमें यह पता लगाने की कोशिश शामिल है कि क्या कंपनी ने निवेशकों को दी गई जानकारी में कोई भ्रामक विवरण प्रस्तुत किया। कंपनी ने इस संबंध में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की, जबकि SEC ने भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
कंपनी के नेतृत्व में बदलाव और जांच से जुड़ी खबरों के बावजूद Nvidia ने मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने चालू तिमाही में करीब 130 अरब डॉलर के राजस्व का अनुमान दिया है। पिछली तिमाही की बिक्री लगातार 17वीं बार वॉल स्ट्रीट के विश्लेषकों की उम्मीदों से बेहतर रही। इन घोषणाओं के बाद कंपनी के शेयर कारोबार के बाद लगभग चार प्रतिशत चढ़ गए।
हालांकि, बाजार विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी के मजबूत कारोबारी अनुमान के बावजूद निवेशकों की प्रतिक्रिया सीमित रही। इसका कारण नेतृत्व संकट, नियामकीय जांच और चीन से जुड़े जोखिम हैं। निवेशकों को आशंका है कि इन घटनाओं का असर कंपनी के भविष्य के कारोबार और उसकी वैश्विक रणनीति पर पड़ सकता है।
दो लाख करोड़ डॉलर घटा बाजार मूल्य
हुआंग से जुड़े विवाद सामने आने से पहले भी Nvidia के शेयर दबाव में थे। निवेशकों को आशंका थी कि AI डेटा सेंटरों के निर्माण की रफ्तार धीमी हो सकती है और इस क्षेत्र में निवेश के लिए बढ़ता कर्ज जोखिम पैदा कर सकता है। 6 अक्टूबर को रिकॉर्ड स्तर पर बंद होने के बाद कंपनी के शेयर विवाद सार्वजनिक होने से पहले ही करीब 10 प्रतिशत गिर चुके थे।
नवंबर की शुरुआत में डेमोक्रेटिक पार्टी की मध्यावधि चुनावों में जीत और Qualcomm के कमजोर कारोबारी अनुमान से चिप कंपनियों के शेयरों पर दबाव और बढ़ गया। तीन नवंबर तक Nvidia दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी थी, लेकिन अक्टूबर के उच्चतम स्तर से उसका बाजार मूल्य करीब 30 प्रतिशत यानी लगभग दो लाख करोड़ डॉलर घट गया। इसके बाद कंपनी का मूल्यांकन Apple और Microsoft से नीचे चला गया।
निवेश प्रबंधन कंपनी Orbis Global Equity Strategy के प्रमुख बेन प्रेस्टन ने बताया कि उनका फंड Nvidia के शेयर बेच चुका है। उन्होंने कहा कि हुआंग की वापसी से कंपनी की सभी समस्याएं अपने आप हल नहीं होंगी। उनके अनुसार, कंपनी की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए अपनी बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय व्यवस्थाओं के इस्तेमाल पर भी सवाल उठ रहे हैं।
निर्यात नियंत्रण की निगरानी के लिए नई समिति
Nvidia ने मंगलवार को राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए बोर्ड स्तर पर एक विशेष समिति गठित की। इसकी अध्यक्षता कंपनी की निदेशक और Goldman Sachs की पूर्व उपाध्यक्ष सुजैन नोरा जॉनसन करेंगी। हुआंग के इस्तीफे के बाद यह कंपनी का पहला बड़ा प्रशासनिक कदम है।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ट्रंप प्रशासन ने चीन की उन्नत AI चिप तक पहुंच सीमित करने के संकेत दिए हैं। हुआंग की बेटी मैडिसन हुआंग, जो Nvidia में उत्पाद विपणन की वरिष्ठ निदेशक हैं, के बारे में भी खबर आई है कि उन्होंने Megaspeed के साथ कंपनी के संबंधों के सार्वजनिक बचाव की रणनीति तैयार करने में भूमिका निभाई थी। इस संबंध में उनकी ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
Nvidia ने हाल के महीनों में चिप खरीदारों को चेतावनी दी थी कि प्रस्तावित अमेरिकी Remote Access Security Act से कंपनी और उसके ग्राहकों के लिए कानूनी जोखिम बढ़ सकते हैं। इस कानून के जरिये क्लाउड सेवाओं के माध्यम से चीनी कंपनियों की AI चिप तक पहुंच पर अमेरिकी निगरानी बढ़ सकती है।
हुआंग के पास Nvidia की लगभग 3.5 प्रतिशत हिस्सेदारी अब भी है। कंपनी की नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, यह हिस्सेदारी उन्हें बोर्ड में दो निदेशक नामित करने का अधिकार देती है। ऐसे में CEO पद से हटने के बावजूद कंपनी के भविष्य से उनका प्रभाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
