ऑनलाइन रेल टिकट बुकिंग के दौरान शॉर्टकट अपनाने वाले यात्रियों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। आईआरसीटीसी ने नया एआई आधारित एल्गोरिदम लागू किया है, जो बुकिंग के दौरान टाइपिंग की गति, लॉगइन पैटर्न और यूजर व्यवहार का विश्लेषण कर यह पहचान करेगा कि टिकट इंसान बुक कर रहा है या किसी सॉफ्टवेयर की मदद ली जा रही है। संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर यूजर आईडी को अस्थायी या स्थायी रूप से ब्लॉक किया जा सकता है।
रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार इस तकनीक का मुख्य उद्देश्य दलालों और अवैध ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर के जरिए कन्फर्म टिकट हासिल करने वाले नेटवर्क पर रोक लगाना है। नई प्रणाली लागू होने के बाद कन्फर्म टिकट मिलने की आम यात्रियों की संभावना लगभग 40 प्रतिशत तक बढ़ने का दावा किया गया है।
Certified Cyber Crime Investigator Course Launched by Centre for Police Technology
आधे घंटे में पांच से ज्यादा लॉगइन पर बैन
नए नियमों के तहत यदि कोई यूजर एक ही आईडी से 30 मिनट के भीतर पांच से अधिक बार लॉगइन या लॉगआउट करता है तो उसका अकाउंट 24 घंटे के लिए ब्लॉक किया जा सकता है। इसके अलावा आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबर की लोकेशन एक ही क्षेत्र में होनी चाहिए। दोनों अलग पाए जाने पर ट्रांजक्शन बीच में ही रोक दिया जाएगा।
टाइपिंग स्पीड से होगी पहचान
बुकिंग फॉर्म भरने की गति भी निगरानी में रहेगी। यदि पांच यात्रियों का विवरण 4.2 सेकंड से कम समय में दर्ज किया जाता है तो सिस्टम इसे मानव के बजाय सॉफ्टवेयर की गतिविधि मानकर रेड फ्लैग कर देगा। कट-पेस्ट, ऑटो-फिल या स्क्रिप्ट आधारित एंट्री करने वाले यूजर्स भी एआई की जद में आ सकते हैं।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रात के समय बड़ी संख्या में नाम जोड़ना या हटाना, मास्टर लिस्ट में बार-बार बदलाव करना और असामान्य तेजी से डेटा भरना संदिग्ध माना जाएगा।
एक माह में 2.8 लाख अकाउंट ब्लॉक
एआई एल्गोरिदम लागू होने के बाद पिछले एक महीने में करीब 2.8 लाख आईआरसीटीसी अकाउंट ब्लॉक किए गए हैं। इनमें लगभग 10 प्रतिशत खाते आम यात्रियों के थे, जिन्होंने अनजाने में शॉर्टकट अपनाए। इसी अवधि में 1.2 लाख मास्टर लिस्ट भी डिलीट की गई हैं।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि टिकट बुकिंग के दौरान सामान्य तरीके से जानकारी भरें, बार-बार लॉगइन से बचें और किसी भी तरह के ऑटोमेशन टूल या स्क्रिप्ट का इस्तेमाल न करें। नियमों का पालन करने पर टिकट बुकिंग प्रक्रिया बिना बाधा पूरी होगी और अकाउंट ब्लॉक होने की आशंका नहीं रहेगी।
